हेडलाइंस 18
रत्नागिरी के अपतटीय क्षेत्र के अरब सागर में रत्नसागर नाव पलट जाने से पालघर के दो मछुआरे डूब गए तथा एक अन्य लापता है। सभी मछुआरे पालघर जिले के तलासरी तालुका के पाटकर पाड़ा के रहने वाले हैं। दोनों मछुआरों के शव समुद्र से निकाले लिए गए हैं। हादसे के बाद अन्य नावों में सभी मछुआरों को रत्नागिरी तट पर लाया गया। मृतक 45 वर्षीय लक्ष्मण वलवी व 50 वर्षीय सुरेश वलवी मछुआरों के शव को एंबुलेंस में तलासरी भेज दिया गया। मिली जानकारी के मुताबिक गुजरात के जूनागढ़ जिले के मांगरोल बंदरगाह से 30 दिसंबर को अरब सागर में मछली पकड़ने के लिए चार नौकाएं निकलीं थी। दो जनवरी को रत्नागिरी तट से 80 समुद्री मील दूर दीक्षी के पास खड़ी चार नौकाओं में से एक में समंदर का पानी घुस गया। नाव पर सवार सात मछुआरों में से चार को अन्य नौकाओं पर सवार मछुआरों ने बचा लिया जबकि दो अन्य डूब गए और एक लापता हो गया।
