हेडलाइंस18
विहिप-बजरंग दल ने रामनवमी के अवसर पर मनमोहक झांकियों के साथ विशाल शोभा यात्रा का आयोजन किया। इस दौरान पालघर शहर भगवा रंग के झंडों और बैनर से पट गया था। साथ में जय श्रीराम का नारा लगाते हुए लोग चल रहे थे। शोभा यात्रा में भगवान श्रीराम और श्री हनुमान की विशाल मूर्ति लोगों को आकर्षित कर रही थी। विहिप-बजरंग दल के तत्वावधान में झुलेलाल मंदिर से शोभा यात्रा धूमधाम से निकाली गई। शोभा यात्रा में श्रीराम जानकी और भगवान शिव के स्वरूप विराजमान थे। हजारों की संख्या में भक्त माथे पर केसरिया गमछा बांधे, हाथों में भगवा ध्वज लिए जय श्रीराम के नारा लगाते हुए चल रहे थे। शोभायात्रा के दौरान मानो पूरा शहर भगवा मय हो गया था। बाजे-गाजे और जय श्रीराम के जयकारे के साथ निकली श्री राम भक्तों की भव्य शोभा यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाये भी मौजूद रही। शोभायात्रा का समापन अंबे माता मंदिर पर हुआ।
बजरंग दल के जिला संयोजक चंदन सिंह ने कहा कि इस बार की शोभायात्रा रूप भव्य और विशाल था।इस दौरान परमहंस गिरी महाराज रवि महाराज विहिप के पालघर प्रखंड के अध्यक्ष श्रीपाद पाटील और काचू शेट्टी,प्रभात सिंह,डिंपल पटेल,राकेश दीक्षित,उमा सिंह, दिलीप जोशी,विक्की संखे,चेतन पारेख,विजय शेट्टी,जीतू पुरोहित आदि मौजूद रहे।

रामभक्तों का जगह-जगह हुआ स्वागत
राम जी की निकली सवारी, राम जी की लीला है न्यारी-न्यारी’ व अन्य भजनों के साथ भक्तों की श्री राम नवमी पर निकाली गई भव्य शोभायात्रा का जगह-जगह फूलों की वर्षा के साथ स्वागत किया। विहिप-बजरंग दल की ओर से निकाली गई भव्य शोभायात्रा में सुंदर झांकियां और आदिवासियों के प्रसिद्ध तारपा नृत्य लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बने रहे। भाजपा के जिला महामंत्री संतोष जनाठे ने नगरसेवक अरुण माने,लक्ष्मी हजारी अलका राजपूत सहित अन्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ शोभायात्रा का स्वागत किया। इस अवसर पर सांसद राजेंद्र गावित,नगराध्यक्षा उज्ज्वला काले सहित हजारो लोग मौजूद रहे।
मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम कण-कण में बसे हैं। ऐसा हम सभी राम भक्त मानते हैं। रामनवमी पर पूरा शहर भगवामय नजर आया। देवी-देवताओं की झांकियों को देखने के लिए लोग उमड़ते रहे। रास्ते में फूलों की वर्षा की गई। इस दौरान विहिप बजरंग दल ने एक एम्बुलेंस भी शहर वासियों को समर्पित की है।
मुकेश दुबे-विहिप नेता

