पालघर : एक महीने पहले हाइवे पर 75 लाख रुपये की सुपारी से भरा ट्रक लूटने वाले दो कुख्यात बदमाशों को शनिवार रात आगरा की खंदौली पुलिस ने यमुना एक्सप्रेसवे से गिरफ्तार कर लिया। दोनों लुटेरे लूट में इस्तेमाल पजेरो गाड़ी से नोएडा से आगरा की ओर आ रहे थे।
अमर उजाला की खबर के मुताबिक खंदौली थाना प्रभारी विपिन कुमार गौतम ने जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार की रात पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि मुंबई के पास पालघर से 75 लाख रुपये की सुपारी से भरा ट्रक लूटने वाले पजेरो गाड़ी सवार दो बदमाशों का महाराष्ट्र क्राइम ब्रांच की टीम पीछा कर रही है।
दोनो बदमाश अपनी गाड़ी से यमुना एक्सप्रेसवे से आगरा की ओर आ रहे हैं। इस पर खंदौली पुलिस ने एक्सप्रेसवे पर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। नोएडा की तरफ से पजेरो कार आगरा की तरफ आती दिखी। पुलिस ने किसी तरह कार को रोक कर दोनों बदमाशों पकड़ लिए।
थाना प्रभारी के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अनीस खान निवासी थाना एमएचवी कॉलोनी, पश्चिम, मुंबई और रूपेश सिंह निवासी गोरेगांव ईस्ट, मुंबई हैं। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने साथियों के साथ पजेरो कार से पालघर में मुंबई अहमदाबाद हाइवे पर 75 लाख रुपये की सुपारी से भरा ट्रक लूटा था।
गिरफ्तारी से बचने के लिए बदमाश आगरा आ रहे थे। लूट के मामले में मुंबई के पालघर स्थित थाना पेल्हार में मुकदमा दर्ज है। दोनों बदमाशों को क्राइम ब्रांच की टीम मुंबई लेकर चली गई।
बता दे कि मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर स्थित सातीवली में सुपारी ले जा रहे ट्रक के चालक का अपहरण कर बदमाशों ने 75 लाख का माल लूट लिया था। इसमे 6 आरोपी शामिल थे जिसमें 1 को पुलिस ने शिरसाड फाटा पर व मुलुंड ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था ,फरार चल रहे 2 आरोपी यमुना एक्सप्रेस वे से गिरफ्तार किए गए ।