पालघर : जिले से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई,यहां एक 17 वर्षीय लड़के ने अपनी मां को अपने मोबाइल फोन से किसी को मैसेज करते देख उसकी कुल्हाड़ी मारकर कथित तौर पर हत्या कर दी।
मिली जानकारी के मुताबिक यह घटना रविवार और सोमवार की मध्य रात्रि को वसई बस्ती के पैरोल इलाके में हुई। लड़के को अपनी मां सोनाली गोगरा (35) के चरित्र पर संदेह था और इसको लेकर अक्सर दोनों के बीच झगड़े होते थे। रविवार की रात जब लड़का खाना खा रहा था तो उसने देखा कि उसकी मां मोबाइल फोन पर किसी को मैसेज कर रही है। जिसको लेकर लड़का नाराज हो गया। उसने एक कुल्हाड़ी निकाली और उससे अपनी मां पर कथित तौर पर वार कर दिया। जब यह घटना हुई तब परिवार के अन्य सदस्य घर में मौजूद नहीं थे। इस वारदात के बाद गंभीर रूप से घायल महिला को भिवंडी के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।