Palghar News | संविदा कर्मचारियों की मांगों को लेकर वसई विरार मनपा के खिलाफ मोर्चा 3 जुलाई को

by | Jun 30, 2023 | पालघर, महाराष्ट्र, वसई विरार

पालघर । वसई-विरार शहर मनपा के विभिन्न कार्यालयों और विभागों में संविदा (ठेका) पर काम करने वाले कर्मचारियों को स्थायी रूप से रखने तथा उनकी विभिन्न समस्याओं को लेकर सोमवार, 03 जुलाई को वसई विरार शहर मनपा के खिलाफ सर्व पक्षीय दल मोर्चा निकालेंगे।
अमय क्लब, यशवंत नगर, विरार पश्चिम में शुक्रवार को प्रथम महापौर व स्थानिक कामगार संघ के अध्यक्ष राजीव पाटिल की अध्यक्षता में स्थानिक कामगार संघ के समन्यवक पूर्व युवा नगरसेवक हार्दिक राऊत एवं संघ के कोषाध्यक्ष निलेश चौधरी और वसई विरार शहर मनपा में कार्यरत विभिन्न कामगार संघटनों के प्रमुख पदाधिकारियों की मीटिंग और प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व उपमहापौर उमेश नाईक, पूर्व सभापति प्रफुल्ल साने, विभिन्न कामगार संघटनों के पदाधिकारी और पत्रकार उपस्थित थे। इस मौके पर वसई विरार शहर मनपा में ठेका पर काम करने वाले कर्मचारियों को स्थाई करने और उनकी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर 3 जुलाई 2023 को सुबह 11 बजे म्हाडा ग्राउंड, विरार (पश्चिम) से मनपा मुख्यालय विरार (पूर्व) तक सर्व पक्षीय कामगार संघटनाओं का विराट मोर्चा निकालने का निर्णय किया गया। कामगार नेता राजीव पाटिल ने सर्वपक्षीय कामगार संघटनाओं के प्रतिनिधियों से ज्यादा से ज्यादा संख्या में उपस्थित होकर मोर्चे को सफल बनाने का आह्वान किया है। स्थानिक कामगार संघ, राष्ट्रवादी कामगार जनरल यूनियन और विभिन्न कामगार संघटनाओं के प्रमुख पदाधिकारियों ने मोर्चे को सफल बनाने का विश्वास दिलाया। पूर्व उपमहापौर उमेश नाईक और पूर्व सभापति प्रफुल्ल साने ने भी संबोधित किया।

स्थानिक कामगार संघ के समन्यवक हार्दिक राऊत और कोषाध्यक्ष निलेश चौधरी ने बताया कि मोर्चे का उद्देश्य स्थानीय भूमिपुत्रों को न्याय दिलाना और सरकार के फैसले से उनकी नौकरियों में आ रही दिक्कतों को खत्म करना है। नई भर्ती प्रक्रिया से कई वर्षों से संविदा पर काम कर रहे कर्मचारियों के सामने रोजगार का संकट पैदा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मोर्चे में कई अन्य मुद्दों को भी उठाया जाएगा। मोर्चे का नेतृत्व स्थानिक कामगार संघ, राष्ट्रवादी कामगार जनरल यूनियन सहित अन्य श्रमिक संगठन करेंगे।

यह न्यूज जरूर पढे