Boisar | चिंचणी बीच पर चलती कार पर स्टंटबाजी,पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर खड़े हो रहे सवाल

by | Mar 16, 2023 | पालघर, महाराष्ट्र

हेडलाइंस 18

बीच पर एक महिला की जान जाने और पुलिस पर जानलेवा हमले के प्रयास के बाद भी हरकत में नहीं आया प्रशासन

पालघर में कई प्रसिद्ध पर्यटन स्थल हैं, जहां पर लोग दूर दूर से छुट्टियां बिताने पहुंचते है। लेकिन यहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न होने से पर्यटकों के लिए यह जानलेवा साबित हो रहा है। चिंचणी बीच पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम व सुविधाएं नहीं होने से लोग हादसों के शिकार हो जाते है। इसके बाद भी जिला प्रशासन के अफसर लापरवाही बरत रहे हैं। चिंचणी खूबसूरत बीच है,लेकिन कुछ पर्यटकों के बेहूदा हरकतों के कारण यह अब बदनाम हो रहा है। बोईसर के कुछ कॉलेज के छात्रों ने बीच पर एक कार के ऊपर बैठकर जमकर हंगामा किया। इस मामले में स्थानीय लोगों ने हंगामा कर रहे छात्रों को पकड़ लिया।

हालांकि, समुद्र तट पर इस तरह के नशे में हरकते अक्सर होती रहती है और इस पर अंकुश लगाने वाला कोई नहीं है, जिससे पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे है।चिंचणी बीच सुंदर, स्वच्छ और चौड़ा समुद्र तट होने के कारण पर्यटकों को आकर्षित करता है। यहां मुंबई, ठाणे, नासिक के साथ-साथ पूरे पालघर जिले से बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। समुद्र तट की ओर जाने वाली सड़क बहुत संकरी होने के कारण शाम के समय भीड़भाड़ वाले समय में भारी ट्रैफिक जाम हो जाता है। इसके साथ ही पर्यटक अपने दोपहिया और चार पहिया वाहनों को सीधे समुद्र तट की रेत पर ले जाते हैं और स्टंट करते हैं। इससे परिवार के साथ आने वाले अन्य पर्यटकों की सुरक्षा खतरे में पड़ जाती है।

चिंचणी बीच पर मौज-मस्ती,शरारत करने आने वाले पर्यटकों को नियंत्रित करने की कोई व्यवस्था नहीं है और स्थानीय ग्राम पंचायत पार्किंग की रसीदें फाड़ने के अलावा कोई काम नही कर रही है। बता दें कि अनियंत्रित और नशे में धुत पर्यटकों की चिंचणी बीच पर जोखिम भरी घटनाएं कई बार हो चुकी हैं। 12 जुलाई 2021 को शराब के नशे में मुंबई से आए कुछ पर्यटकों ने चिंचणी बीच पर हंगामा किया और उनके खिलाफ कार्रवाई करने गई पुलिसकर्मियों पर कार चढ़ाने की कोशिश की। इसी तरह 26 जनवरी 2022 को बीच पर जमकर भीड़ थी। एक अनियंत्रित कार चालक ने 12 पर्यटकों को जख्मी कर दिया जिसमे एक महिला की मौत भी हो गई थी। और एक युवती गंभीर रूप से जख्मी हो गई थी।

यह न्यूज जरूर पढे