हेडलाइंस18
- भारत में पहली बार किया जा रहा आयोजन
मुंबई। भारतीय चार्टर्ड एकाउंटेंट्स संस्थान (ICAI) ने 18 से 21 नवंबर 2022 तक जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर मुंबई में 21वीं वर्ल्ड कांग्रेस ऑफ अकाउंटेंट्स (WCOA) का आयोजन किया है। यह कार्यक्रम बिल्डिंग ट्रस्ट इनेबलिंग सस्टेनेबिलिटी थीम पर आधारित है। खास बात यह है कि यह वर्ल्ड कांग्रेस अपने अस्तित्व के 118 वर्षों में पहली बार भारत में होने जा रहा है। उल्लेखनीय है कि WCOA हर चार साल में एक बार आयोजित किया जाता है और इसे ओलंपिक ऑफ एकाउंटेंसी प्रोफेशन के रूप में जाना जाता है। यह पेशेवर एकाउंटेंटों के सबसे प्रतिष्ठित वैश्विक आयोजनों में से एक है, जिसका आयोजन इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ अकाउंटेंट्स (IFAC) के सहयोग से किया जाता है, जो एकाउंटेंसी पेशे के लिए वैश्विक संगठन है।
आईसीएआई भवन मुंबई में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में ICAI के अध्यक्ष, CA डॉ. देबाशीष मित्रा ने 21वीं वर्ल्ड कांग्रेस ऑफ एकाउंटेंट्स 2022 के संबंध में कहा कि यह अपनी तरह की पहली कांग्रेस है, जिसमें WCOA के इतिहास में सबसे अधिक संख्या में प्रतिभागी शामिल होने वाले हैं। 100 से अधिक देशों के 9000 से अधिक पेशेवर एकाउंटेंट्स, अर्थशास्त्री, वैश्विक CEO/ CFO, शिक्षाविद, उद्योग जगत के नामी लीडर, दूरदर्शी और प्रतिनिधि इस कार्यक्रम में भाग लेंगे। डॉ. मित्रा ने बताया कि ICAI 8 लाख छात्रों के साथ दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा एकाउंटिंग बॉडी है, जिसमें से 44% महिलाएं हैं। पूरे भारत में ICAI के 5 क्षेत्रीय परिषदों और 166 शाखाओं में से 32 निर्वाचित परिषद सदस्य और 8 सरकारी प्रत्याशी हैं। ICAI दुनिया भर के 77 शहरों में मौजूद है और इसके 44 विदेशी चैप्टर और 33 प्रतिनिधि कार्यालय हैं।
ICAI के उपाध्यक्ष CA अनिकेत तलाटी ने 21वें WCOA के थीम पर जोर देते हुए कहा कि एकाउंटेंट का ओलंपिक, WCOA ‘बिल्डिंग ट्रस्ट, इनेबलिंग सस्टेनेबिलिटी’ थीम पर आधारित है। यह भविष्य के लिए मजबूत अर्थव्यवस्थाओं का निर्माण करने, विश्वास जगाने, अकाउंटेंसी पेशे की निरंतर भागीदारी और भूमिका को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है। इस प्रकार WCOA का ध्यान समकालीन और उभरते क्षेत्रों में पेशेवर संवर्धन पर केंद्रित होगा। यह आयोजन भारत के लिए दुनिया का एकाउंटिंग हब बनने की दिशा में बढ़ते कदम का जश्न है। कॉन्फ्रेंस को डब्ल्यूआईआरसी ऑफ आईसीएआई के चेयरमैन तथा प्रोटिविटी इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर CA मुर्तुजा काचवाला, CA राजेन्द्र कुमार पी. व अन्य पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया।
इस चार दिवसीय कार्यक्रम में 35 से अधिक व्यावहारिक सत्र होंगे, जिन्हें मशहूर वक्ताओं द्वारा संबोधित किया जाएगा। इस आयोजन में लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला, वाणिज्य और उद्योग मंत्री (उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण और कपड़ा) CA पीयूष गोयल, केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री डॉ. भागवत कराड, महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक गिरीश चंद्र मुर्मू, डिप्टी नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक और सरकारी लेखा मानक सलाहकार बोर्ड के अध्यक्ष केसवन श्रीनिवासन, पूर्व केंद्रीय मंत्री CA सुरेश प्रभु, पद्मश्री भरत गोयनका (सह-संस्थापक और उपाध्यक्ष, टैली सॉल्यूशंस), अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी, रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन और MD मुकेश अंबानी, भारतीय स्टेट बैंक के चेयरमैन दिनेश खारा, फिल्म अभिनेता अनुपम खेर एवं योग गुरु बाबा रामदेव सहित विभिन्न प्रतिष्ठित क्षेत्रों से अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे।