भाजपा महाराष्ट्र का चुनावी बिगुल : केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. भारती पवार की जन आशीर्वाद यात्रा सोमवार को पालघर जिले से निकलेगी

by | Aug 13, 2021 | ठाणे, पालघर, महाराष्ट्र, मुंबई, वसई विरार

हेडलाइंस18 नेटवर्क
भारतीय जनता पार्टी 6 माह बाद होने वाले स्थानीय निकायों के लिए होने वाले चुनाव
की तैयारी में जुट गयी है। संसद का मानसून सत्र समाप्त होने के साथ ही पार्टी राज्य में सोमवार से जन आशीर्वाद यात्रा शुरु कर रही है। हाल ही में केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल हुए राज्य के 4 मंत्री अलग-अलग जिलों में कुल 2274 किमी की यात्रा कर लोगों से सीधा संवाद स्थापित करेंगे।भाजपा के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता केशव उपाध्याय ने बताया कि केंद्रीय पंचायत राज राज्यमंत्री कपिल पाटिल, केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री डॉ. भारती पवार और केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री डॉ. भागवत कराड अपनी आशीर्वाद यात्रा 16 अगस्त से शुरु करेंगे। जबकि केंद्रीय सुक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्री नारायण राणे की यात्रा 19 अगस्त को मुंबई से शुरु होगी।
भाजपा कार्यालय मुंबई में आयोजित पत्रकार परिषद में उपाध्याय ने बताया कि सोमवार को कपिल पाटिल की आशीर्वाद यात्रा ठाणे से निकलेगी। इसकी जिम्मेदारी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं विधायक संजय केलकर को सौंपी गई है। कपिल पाटिल चार दिनों में ठाणे और रायगढ़ जिले में कुल 570 किमी की यात्रा करेंगे। जबकि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. भारती पवार की आशीर्वाद यात्रा सोमवार को पालघर जिले से निकलेगी। वह पालघर, नाशिक, धुले और नंदुरबार में 431 किमी की यात्रा कर 5 लोकसभा क्षेत्र के लोगों से सीधे जुड़ने का प्रयास करेंगी। इसी तरह वित्त राज्यमंत्री डॉ. भागवत कराड मराठवाड़ा के 7 लोकसभा क्षेत्रों में 623 किमी की यात्रा करेंगे।
केंद्रीय सुक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्री नारायण राणे की आशीर्वाद यात्रा 19 अगस्त को मुंबई से निकलेगी। राणे वसई- विरार मनपा क्षेत्र में होते हुए 25 अगस्त तक रत्नागिरी एवं सिंधुदुर्ग जिले के विभिन्न इलाकों में कुल 650 किमी की यात्रा करेंगे। आशीर्वाद यात्रा के दौरान सभी केंद्रीय मंत्री केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देंगे और लोगों की दिक्कतों को सुनेगें। विधायक निरंजन डावखरे, सुनील राणे,उईके, प्रमोद जठार और राजन नाईक को यात्रा के समन्वयक की जिम्मेदारी दी गयी है।

यह न्यूज जरूर पढे